खमतरा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत
तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से मारी टक्कर, एक घायल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत खमतरा रोड स्थित कछारी पेट्रोल पंप के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने मामले में लापरवाह बाइक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ागांव निवासी रणबहादुर सिंह गोड़ अपने साढ़ू भाई टिल्लू सिंह गोड़ के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम सोनारी से झापी जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे खमतरा रोड स्थित नहर पुलिया के पास पीछे से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP21MJ9986 के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में रणबहादुर सिंह के सिर और गले में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टिल्लू सिंह के चेहरे पर चोट आई है।
घटना के बाद घायल साथी द्वारा रणबहादुर सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतक की पत्नी सीता सिंह गोड़, घायल टिल्लू सिंह तथा स्वतंत्र साक्षी कृष्णलाल यादव के बयान दर्ज किए गए। प्रारंभिक जांच में बाइक चालक की लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 281, 125ए, 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
वही बड़वारा पुलिस के द्वारा 13/05 /2026 को उक्त मामले मे प्रकरण दर्ज किया गया है

Post a Comment