शादी की खुशियों से लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत, बरही-उमरिया मार्ग फिर बना हादसों का गवाह तेज रफ्तार बस बनी काल, बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत


 


शादी की खुशियों से लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत, बरही-उमरिया मार्ग फिर बना हादसों का गवाह

तेज रफ्तार बस बनी काल, बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत

कटनी/बरही/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : सड़क पर दौड़ती बेलगाम रफ्तार एक बार फिर दो घरों की खुशियां निगल गई। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बरही थाना क्षेत्र के करौंदी गांव के पास   एक तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार दो युवकों को ऐसी टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक सुखलाल कोल (27) निवासी बिच्छूपूरा और रामकिशन कोल (18) निवासी ग्राम कुड़ी, जिला उमरिया, एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। दोनों युवक ग्राम करेला से अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी बरही-उमरिया मार्ग पर करौंदी के समीप तेज रफ्तार बस ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए। दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहीं दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर खितौली चौकी में खड़ा कराया गया है।

बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि बस चालक हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में शादी की खुशियां अचानक चीखों और आंसुओं में बदल गईं। 







खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post