रफ्तार बनी आफत: छात्राओं से भरे ई-रिक्शा को कार ने मारी टक्कर


 


कटनी। शहर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार एक बार फिर हादसे की वजह बनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी चौकी अंतर्गत बिलहरी रोड स्थित शारदा फैक्ट्री के सामने बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार कार ने कॉलेज जा रही छात्राओं से भरे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में बैठी छात्राएं सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। घायल छात्राएं दर्द से कराहती रहीं, जबकि कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और कमजोर यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे बिलहरी में पदस्थ एक पटवारी ने मानवता का परिचय देते हुए तत्परता दिखाई। उन्होंने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और एम्बुलेंस के इंतजार में समय गंवाने के बजाय अपनी निजी बोलेरो वाहन से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायलों को शीघ्र उपचार मिल सका।

जानकारी के मुताबिक ई-रिक्शा में सवार छात्राएं गर्ल्स कॉलेज जा रही थीं। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत कई छात्राएं घायल हुई हैं। घायलों में पुरैनी निवासी चालक दिनेश यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं झुकेही निवासी माया चौधरी और मुस्कान पटेल, जोबीकला निवासी कुमकुम रजक और खुशी विश्वकर्मा, चन्हटा निवासी सीमा यादव तथा पिपरिया निवासी साधना लोधी और अंजनी लोधी को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद झिंझरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार कार चालक की पहचान की जा सके। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शहर की सड़कों पर दौड़ रही तेज रफ्तार गाड़ियों पर लगाम कब लगेगी और छात्राओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन क्या ठोस कदम उठाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post