सीमांकन के नाम पर रिश्वतखोरी, 5 हजार लेते रंगे हाथों दबोचा गया पटवारी लोकायुक्त की कार्रवाई से स्लीमनाबाद तहसील में मचा हड़कंप, किसान की शिकायत पर बिछाया गया था जाल


 सीमांकन के नाम पर रिश्वतखोरी, 5 हजार लेते रंगे हाथों दबोचा गया पटवारी




लोकायुक्त की कार्रवाई से स्लीमनाबाद तहसील में मचा हड़कंप, किसान की शिकायत पर बिछाया गया था जाल



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । राजस्व विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम कौड़िया में पदस्थ पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पटवारी पर एक किसान से जमीन के सीमांकन के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।


जानकारी के अनुसार, ग्राम कौड़िया निवासी शिव कुमार जायसवाल अपनी भूमि के सीमांकन के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। आरोप है कि सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद पटवारी रिपोर्ट तैयार करने और आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने के लिए लगातार टालमटोल कर रहा था। पीड़ित का कहना है कि वह कई बार कार्यालय के चक्कर लगा चुका था, लेकिन बिना रिश्वत दिए काम नहीं हो रहा था।


परेशान होकर किसान ने जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई।


लोकायुक्त द्वारा उपलब्ध कराए गए केमिकल लगे 5 हजार रुपए जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा को दिए, पहले से निगरानी कर रही टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। परीक्षण के दौरान आरोपी के हाथ गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।


कार्रवाई के बाद स्लीमनाबाद तहसील परिसर और राजस्व अमले में हड़कंप की स्थिति बन गई। लोकायुक्त अधिकारियों ने आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद मामले में विस्तृत प्रेस नोट जारी किया जाएगा। इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post