ED की कार्रवाई के बाद भी पद पर क्यों? आम आदमी पार्टी ने RTO संतोष पाल को हटाने की उठाई मांग

 


ED की कार्रवाई के बाद भी पद पर क्यों?

आम आदमी पार्टी ने RTO संतोष पाल को हटाने की उठाई मांग

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी (8989601972):आम आदमी पार्टी जिला कटनी द्वारा मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के नाम जिला कलेक्टर कटनी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर परिवहन विभाग के अधिकारी श्री संतोष पाल को कटनी जिले से तत्काल हटाने तथा उनके विरुद्ध लंबित मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराए जाने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि श्री संतोष पाल के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप लंबे समय से चर्चा में हैं। विभिन्न जांच एजेंसियों द्वारा की गई कार्रवाई में करोड़ों रुपये की संपत्तियां उजागर हुई हैं तथा हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के अंतर्गत लगभग ₹3.38 करोड़ मूल्य की संपत्तियां कुर्क किए जाने की कार्रवाई भी की गई है।

पार्टी द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की जांच में उनकी सत्यापित वैध आय लगभग ₹73.26 लाख पाई गई, जबकि लगभग ₹4.80 करोड़ की संपत्तियां एवं व्यय सामने आए, जिससे लगभग ₹4.06 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला उजागर हुआ। इसके अतिरिक्त बैंक खातों में ऋण किस्तों के भुगतान से पूर्व बार-बार नकद राशि जमा किए जाने के तथ्य भी जांच में सामने आए हैं।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि इतने गंभीर मामलों एवं जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बावजूद संबंधित अधिकारी का महत्वपूर्ण पद पर बने रहना जनता के बीच शासन की पारदर्शिता, जवाबदेही एवं भ्रष्टाचार विरोधी नीति पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। जिले के ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों एवं वाहन चालकों द्वारा भी समय-समय पर अवैध वसूली, उत्पीड़न एवं भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें उठाई जाती रही हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आय से अधिक संपत्ति प्रकरण में प्रस्तुत खात्मा रिपोर्ट पर आपत्तियां दर्ज होने के बाद न्यायालय द्वारा उसे स्वीकार नहीं किया गया था। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई का अभाव जनता के बीच संदेह की स्थिति उत्पन्न कर रहा है।

पार्टी ने मांग की है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए श्री संतोष पाल को जांच पूर्ण होने तक तत्काल कटनी जिले से हटाया जाए तथा उनके विरुद्ध लंबित मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली एवं उत्पीड़न संबंधी शिकायतों की भी स्वतंत्र जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि यदि शासन भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी घोषित नीति के प्रति गंभीर है तो इस मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई कर जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष एडवोकेट अनिल सिंह सेंगर ने कहा कि जिस अधिकारी के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति, धन शोधन एवं भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोपों की जांच विभिन्न एजेंसियों द्वारा की जा रही हो, उसके महत्वपूर्ण पद पर बने रहने से निष्पक्ष जांच प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि कटनी जिले के ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों एवं आम नागरिकों द्वारा लंबे समय से परिवहन विभाग में अवैध वसूली, भ्रष्टाचार एवं उत्पीड़न की शिकायतें उठाई जाती रही हैं। यदि सरकार वास्तव में भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर अमल करना चाहती है तो श्री संतोष पाल को तत्काल कटनी जिले से हटाकर उनके विरुद्ध लंबित मामलों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।

प्रदेश संगठन मंत्री श्री रामकिशोर शिवहरे ने कहा कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों, ईडी एवं अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बावजूद संबंधित अधिकारी का महत्वपूर्ण पद पर बने रहना शासन की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सरकार को निष्पक्ष जांच और सुशासन की भावना के अनुरूप तत्काल कार्रवाई करते हुए जनता के विश्वास को मजबूत करना चाहिए। आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी लड़ाई जारी रखेगी और जनता के हितों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर आवाज उठाती रहेगी।

ज्ञापन सौंपने एवं विरोध प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री श्री रामकिशोर शिवहरे, मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री बसंत राय एवं जिला अध्यक्ष एडवोकेट अनिल सिंह सेंगर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री प्रकाश जैन, श्री लाखन सिंह तोमर, श्री देवी दयाल यादव, श्री अफरोज अहमद, श्री अरविंद सिंह, श्री विवेक बघेल, श्री जगन्नाथ नामदेव, श्री रामरतन नामदेव, श्री संतोष सिंह, श्री अंकित खटीक, श्री आयुष ठाकुर, श्री पप्पू रावण, श्री सुदामा अडनानी, श्री धर्मेंद्र सिंह, श्री सुखदेव यादव, श्री करण दहिया, श्री कुणाल श्रीवास, श्री मुकेश श्रीवास, श्री सचिन कुशवाहा, श्री भीमशंकर कुशवाहा, श्री युवराज सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।


Post a Comment

Previous Post Next Post