खोखले दावों की पोल खोल रही वार्ड की बदहाल व्यवस्था
50 साल पुराना नाला बंद, जलभराव और गंदगी से परेशान रहवासी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के दावों के बीच नगर पालिका निगम कटनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक-4 के चौधरी मोहल्ला और लाला मोहल्ला से सामने आया है। क्षेत्र में वर्षों पुरानी जल निकासी व्यवस्था बाधित होने के कारण रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 50 वर्षों से उपयोग में आ रहा मुख्य नाला बंद होने से नालियां जाम हो गई हैं और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नाले का प्राकृतिक बहाव रुक जाने से पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। घरों के आसपास गंदगी फैल रही है, जिससे दुर्गंध के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। रहवासियों का कहना है कि स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि समस्या की जानकारी कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों को दी गई। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देता रहा, जबकि समस्या लगातार गंभीर होती गई।
रहवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही नाले को खुलवाकर जल निकासी की व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो आगामी बारिश में हालात और विकट हो जाएंगे। गंदा पानी घरों तक पहुंच सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा। नागरिकों ने नगर निगम से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान करने की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले ने शहर में विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर किए जा रहे दावों की भी हकीकत उजागर कर दी है।

Post a Comment