रंगनाथ गांजा खुर्द-बुर्द कांड: जांच पूरी होने से पहले ही स्थानांतरित हुए अधिकारी, अब तक तय नहीं हुई जवाबदेही


 

रंगनाथ गांजा खुर्द-बुर्द कांड: जांच पूरी होने से पहले ही स्थानांतरित हुए अधिकारी, अब तक तय नहीं हुई जवाबदेही

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार । जिले के बहुचर्चित रंगनाथ थाना क्षेत्र के कथित गांजा खुर्द-बुर्द कांड को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मामले में आरोप था कि पुलिसकर्मियों ने बड़ी मात्रा में गांजा पकड़े जाने के बावजूद कथित रूप से लेन-देन कर आरोपियों को छोड़ दिया था। मामला सामने आने के बाद निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग लगातार उठती रही।

बताया जाता है कि बढ़ते जनदबाव के बाद तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) द्वारा मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। हालांकि कई महीने बीत जाने के बाद भी जांच किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी। इसी बीच जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ अधिकारी का स्थानांतरण हो गया, जिससे पूरे मामले पर और अधिक सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक न तो जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई है और न ही मामले में शामिल बताए जा रहे किसी पुलिसकर्मी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है। इससे यह चर्चा तेज हो गई है कि कहीं जांच के नाम पर मामले को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा।

गौरतलब है कि जिले में चर्चित रहे इस मामले में जवाबदेही तय न होने से पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। वहीं जनप्रतिनिधियों की ओर से भी इस मामले में अपेक्षित स्तर पर आवाज न उठाए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद इस बहुचर्चित मामले की जांच आगे बढ़ेगी या फिर यह मामला फाइलों में ही दबकर रह जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post