बोलेरो पकड़ ली, शराब पकड़ ली... आखिर आरोपी किसने छोड़ दिया? ₹3 लाख मूल्य की 60 पेटी देशी शराब जब्त, बोलेरो (MP20 CK 8589) से पन्ना से लाकर इंद्रा नगर में खपाने की थी तैयारी


 

बोलेरो पकड़ ली, शराब पकड़ ली... आखिर आरोपी किसने छोड़ दिया?


₹3 लाख मूल्य की 60 पेटी देशी शराब जब्त, बोलेरो (MP20 CK 8589) से पन्ना से लाकर इंद्रा नगर में खपाने की थी तैयारी



कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले की वही पुलिस, जो यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कर उनके घर तक चालान पहुंचा देती है, अब एक अलग कारण से चर्चा में है। कुठला पुलिस द्वारा बताई गई कहानी के अनुसार पुलिस ने पीछा कर बोलेरो वाहन और उसमें भरी अवैध शराब तो पकड़ ली, लेकिन कथित आरोपी मौके से फरार हो गया। शराब और वाहन की जब्ती के बावजूद आरोपी का पुलिस के हाथ न लगना आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी चर्चाएं हो रही  है कुठला पुलिस के द्वारा बताई गई कहानी के अनुसार दिनांक 17/06/2026 को थाना कुठला पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग एवं गश्त की जा रही थी। गश्त के दौरान इन्द्रानगर पुल के पास एक सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक MP20CK8589 पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध रूप से तेज गति से गली नंबर 09, सेन मोहल्ला की ओर मुड़ गई। पुलिस को शंका होने पर वाहन का पीछा किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया । पुलिस द्वारा स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में बोलेरो वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के अन्दर रखे 60 कार्टून अवैध शराब बरामद हुए जिसमें 55 कार्टून देशी लाल मशाला एवं 05 कार्टून देशी सफेद शराब पाई गई। प्रत्येक कार्टून में 50-50 पाव शराब भरी हुई थी। विधि अनुसार नमूने पृथक कर शेष शराब को सीलबंद किया गया । बरामद शराब की कुल मात्रा 540 लीटर तथा अनुमानित कीमत लगभग 03 लाख रुपये पाई गई । साथ ही प्रयुक्त बोलेरो वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई। इस प्रकार कुल 13 लाख रुपये मूल्य का मशरूका जप्त किया गया । वाहन की जांच के दौरान प्राप्त दस्तावेजों एवं पीओएस मशीन से सत्यापन करने पर वाहन शुभम निषाद पिता राजाराम निषाद के नाम पर पंजीबद्ध होना पाया गया । मामले में बोलेरो चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 506/26 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

जप्ती – 55 पेटी लाल मसाला शराब कीमत, 05 पेटी प्लेन देशी शराब कुल 60 पेटी शराब कुल 540 लीटर कीमती लगभग 3,00,000 रुपये, बोलेरो वाहन MP20CK8589 कीमती 10,00,000 रुपये




जरा सोचिए, आगे बुलेरो में शराब तस्कर भाग रहा था और पीछे-पीछे कुठला पुलिस उसका पीछा कर रही थी। पुलिस की कहानी के अनुसार  शराब तो पकड़ ली गई, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। अब यही कहानी लोगों के गले उतरने का नाम नहीं ले रही है। चर्चा इस बात की है कि 25-50 पाव शराब पकड़कर सुर्खियां बटोरने वाली पुलिस इतनी बड़ी खेप के तस्कर को कैसे नहीं पकड़ पाई।


Post a Comment

Previous Post Next Post