*कटनी ब्रेकिंग: बरही थाना में ‘समझौते’ का खेल? इंफिनिटी जिम बका कांड पर उठे सवाल*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । बरही स्थित इंफिनिटी जिम में कथित रूप से बका लहराने और विवाद का मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज को लेकर आमजन सवाल उठा रहे हैं कि जब वीडियो में धारदार हथियार जैसी वस्तु दिखाई दे रही है, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, जिम में हुए विवाद का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक हाथों में धारदार हथियारनुमा वस्तु लेकर दौड़ते और हमला करने की मुद्रा में दिखाई दे रहे हैं। वहीं इस मामले में बरही थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है तथा वीडियो में बका स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है।
इधर स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं का कहना है कि वायरल फुटेज में साफ तौर पर हथियार जैसी वस्तु नजर आ रही है। लोगों का आरोप है कि यदि ऐसे मामलों को केवल समझौते के आधार पर समाप्त किया जाता रहा, तो इससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होंगे और अपराधों को बढ़ावा मिलेगा।
नागरिकों का कहना है कि जिले में चाकूबाजी और मारपीट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, ऐसे में हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब घटना के वीडियो कई मीडिया प्लेटफॉर्म और अखबारों तक पहुंच चुके हैं, तब भी मामला दर्ज नहीं होना जांच का विषय है।
अब पूरे मामले में आमजन पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और वायरल सीसीटीवी फुटेज की तकनीकी पड़ताल कर उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि कानून का भय समाप्त होने पर अपराधी तत्व और अधिक सक्रिय हो सकते हैं, इसलिए मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
सवाल यह है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य आखिर क्या कहते हैं, और क्या केवल समझौता किसी संभावित गंभीर घटना की आशंका को नजरअंदाज करने के लिए पर्याप्त है? यह प्रश्न अब बरही क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इनका कहना -सबके जवाब देंगे, जिम वयारल वीडियो मे बका नही दिखा है उक्त झगड़े मे समझौता हो गया है :बरही थाना प्रभारी

Post a Comment