कटनी : कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर 4 सदस्यीय जांच दल ने बुधवार को कटनी शहर के 4 प्राइवेट स्कूलों का औचक निरीक्षण कर स्कूल में संचालित पुस्तकों, फीस स्ट्रक्चर आदि के सूचना पटल में चस्पा होने के कार्य का सत्यापन किया। स्कूलों में पहुंचे जांच दल को देखकर हड़कंप मच गया।
कलेक्टर को साधुराम स्कूल परिसर स्थित आयोजित पुस्तक मेला में सेक्रेड हार्ट स्कूल के एक अभिभावक द्वारा कक्षा 4 एवं कक्षा 7 की कुछ पुस्तकों के निजी प्रकाशकों की पुस्तकें चलाई जाने की सूचना दी गई और कहा गया कि निजी प्रकाशकों की इन पुस्तकों की कीमतें बहुत ही ज्यादा है। इस पर कलेक्टर कटनी ने वस्तुस्थिति की जांच के लिए 4 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। जिसमें तहसीलदार कटनी ग्रामीण अजीत तिवारी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन व सहायक संचालक शिक्षा राजेश अग्रहरी और प्रभारी अधिकारी विवेक दुबे जांच दल में शामिल रहे। जांच दल ने वेल वेदर इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, फसर््टस्टेप एकेडमी एवं सेक्रेड हार्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनी की जांच दल ने जांच की। इन स्कूलों में कक्षा 1 से कक्षा 12वीं तक की कक्षायें संचालित होती है। इन स्कूलों में पहुंचे जांच दल द्वारा यहां के छात्रों, पालकों एवं अभिभावकों से भी चर्चा कर जानकारी का सत्यापन किया गया। समिति ने गणवेश, फीस स्ट्रक्चर व पुस्तकों के विवरण को सूचना पटल पर चस्पा होने की भी जानकारी का सत्यापन किया। समिति द्वारा आवश्यक कार्यवाही हेतु जल्द ही कलेक्टर को जांच प्रतिवेदन सौंपा जायेगा।

Post a Comment