कटनी: बिना लाइसेंस चाकू रखने पर युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
कटनी। कुठला थाना पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में गिरफ्तार किया है, जिसके पास से धारदार चाकूनुमा कटार बरामद हुई।
थाना कुठला में पदस्थ उपनिरीक्षक ने बताया कि दिनांक 07 नवंबर 2025 को हमराह सहायक उपनिरीक्षक रवि शुक्ला के साथ अपराधों की रोकथाम हेतु क्षेत्र भ्रमण पर थे। भ्रमण के दौरान पुरैनी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में अपराध करने की नियत से बैठा मिला।
पुलिस ने मौके पर मौजूद राहगीर संजो बाई चक्रवर्ती एवं दौलत कुमार चक्रवर्ती को साक्षी बनाया और संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम तेजीलाल चक्रवर्ती पिता सिलोरा चक्रवर्ती उम्र 35 वर्ष निवासी खमरिया थाना कुठला बताया। पुलिस के अनुसार तेजीलाल काफी घबराया हुआ था, जिस पर संदेह होने पर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी में उसके पास एक धारदार चाकूनुमा कटार मिली। चाकू की कुल लंबाई 12 इंच, फन की लंबाई 8.5 इंच, तथा मुठ की लंबाई 3.5 इंच पाई गई, जिसकी मुठ सफेद रंग की और ग्रिप लगी हुई थी। आरोपी चाकू का कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके पर गवाहों की उपस्थिति में उक्त धारदार हथियार को कीमत लगभग 200 रुपये का मानते हुए जप्त किया। जप्ती की कार्यवाही का वीडियो भी साक्ष्य के रूप में तैयार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी तेजीलाल चक्रवर्ती किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की नीयत से उक्त हथियार अपने पास रखे था। उसे गिरफ्तार कर धारा 25(बी) आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई तथा बरामद माल को मालखाने में जमा कर विवेचना प्रारंभ की गई है।

Post a Comment