ये कैसा ड्राई-डे? बस स्टैंड शासकीय शराब दुकान के बाजू से खुलेआम बिकती रही शराब
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी
गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर घोषित ड्राई-डे की धज्जियां उड़ाने का चौंकाने वाला मामला कटनी शहर से सामने आया है। बस स्टैंड पुलिस चौकी से महज चंद कदमों की दूरी पर, शासकीय शराब दुकान के बाजू से खुलेआम शराब की बिक्री होती रही—और पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया।
वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक शासकीय शराब दुकान के साइड गेट से कंधे पर बैग टांगे बाहर निकलता है। बैग में बड़ी मात्रा में शराब भरी हुई थी, जिसे वह खुलेआम लोगों को बेचता नजर आ रहा है। यह पूरी घटना गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की है, जब जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया था।
गौरतलब है कि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री आशीष तिवारी द्वारा 26 जनवरी को सम्पूर्ण जिले में ड्राई-डे घोषित किया गया था। आदेश के पालन में आबकारी विभाग द्वारा जिले के सभी शराब ठेकों पर सील लगाकर ताला बंदी की गई थी। इसके बावजूद शासकीय शराब दुकान के बाजू से शराब की खुलेआम बिक्री होना प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घटनास्थल से मात्र 50–100 कदम की दूरी पर बस स्टैंड पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद न तो पुलिस और न ही आबकारी विभाग ड्राई-डे के आदेश का सख्ती से पालन करवा पाया।
अब सवाल यह उठता है कि
- क्या ड्राई-डे सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है?
- क्या पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत से यह अवैध बिक्री हो रही थी?
- और क्या कलेक्टर के आदेशों की खुलेआम अवहेलना पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?
फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जनता अब प्रशासन से जवाब और ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रही है।
(देखिए वीडियो)

Post a Comment