शासकीय प्राथमिक शाला अमाड़ी में फटा व छेद वाला तिरंगा फहराने का वीडियो वायरल, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
कटनी : जिले के बहोरीबंद तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अमाड़ी के सामने स्थित शासकीय प्राथमिक शाला अमाड़ी में गणतंत्र दिवस जैसे पावन राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगे के अपमान का मामला सामने आया है। 26 जनवरी, सोमवार को विद्यालय परिसर में फटा हुआ और 4 से 5 स्थानों पर छेद वाला तिरंगा झंडा फहराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुसार तिरंगे का सम्मानपूर्वक और सही स्थिति में फहराया जाना अनिवार्य है, ऐसे में शासकीय विद्यालय में इस तरह की गंभीर लापरवाही कई सवाल खड़े करती है।
हैरानी की बात यह है कि घटना सामने आने के बावजूद अब तक न तो शिक्षा विभाग और न ही पंचायत अथवा जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह महज लापरवाही नहीं बल्कि राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है, जिस पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सख्त निर्देश जारी करने की मांग की है। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन कब तक संज्ञान लेता है और क्या कार्रवाई करता है

Post a Comment