ड्यूटी पर जा रहे अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी की बोलेरो को तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
तेज रफ्तार का तांडव! जनपद अधिकारी की बोलेरो चकनाचूर, अस्पताल में भर्ती
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत कटनी–रीठी मार्ग पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन द्वारा की गई लापरवाही ने बड़ा सड़क हादसा खड़ा कर दिया। ग्राम पंचायत ढुढरी के सचिव (शिकायतकर्ता) द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना 25 फरवरी 2026 को करीब 11:45 बजे पाण्डेय वेयर हाउस के सामने देवडोगरा के पास हुई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रीठी जनपद पंचायत में अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी के पद पर पदस्थ भागीरथ पटेल अपनी बोलेरो (क्रमांक MP21ZH3719) से कटनी से रीठी ड्यूटी के लिए जा रहे थे। वह स्वयं उनके पीछे एक्टिवा से जनपद पंचायत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रीठी की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (क्रमांक MP04GB7048) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए भागीरथ पटेल की बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का इंजन और बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद भागीरथ पटेल स्टेयरिंग के पास फंस गए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। तत्पश्चात उन्हें जिला अस्पताल कटनी में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर, दाहिने हाथ और दाहिने पैर में चोटें पाई गईं।
घटना की सूचना मिलते ही मनोज खरे एवं पाण्डेय बाबू मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता ने उन्हें पूरी घटना से अवगत कराया।
इस संबंध में 26 फरवरी 2026 को रात्रि 8:30 बजे कुठला थाना में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) एवं 184 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।

Post a Comment