जिला चिकित्सालय कटनी में जांच टीम से पहले गुटखा–पान मसाला जप्ती अभियान


 

जिला चिकित्सालय कटनी में जांच टीम से पहले गुटखा–पान मसाला जप्ती अभियान

कटनी/आशीष चौधरी । कटनी जिले के शासकीय जिला चिकित्सालय में इन दिनों जांच टीम के संभावित आगमन से पहले सख्ती का दौर देखने को मिल रहा है। अस्पताल के पूर्व मुख्य द्वार पर प्रतिदिन सुबह लगभग 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चौकीदार द्वारा गुटखा, पान मसाला और राजश्री की चेकिंग कर सामग्री जप्त की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, प्रवेश करने वाले लोगों की तलाशी लेकर प्रतिबंधित सामग्री जब्त की जा रही है। बताया जा रहा है कि जप्त की गई सामग्री संबंधित व्यक्तियों को दोबारा वापस नहीं मिलती। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर अस्पताल परिसर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कुछ लोग इसे आगामी जांच टीम के आगमन से जोड़कर देख रहे हैं।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से परिसर को स्वच्छ और तंबाकू मुक्त रखने के उद्देश्य से यह कदम बताया जा रहा है, लेकिन सवाल यह भी उठ रहे हैं कि यदि नियमित रूप से सख्ती की जा रही है तो फिर अस्पताल की दीवारों और कोनों में पान मसाले के थूके गए दाग कम क्यों नहीं हो रहे हैं।

परिसर में जगह-जगह दिखाई देने वाले दाग और गंदगी इस बात की ओर इशारा करते हैं कि रोक-टोक के बावजूद नियमों का पालन पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो पा रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि अस्पताल को वास्तव में तंबाकू मुक्त बनाना है तो केवल कुछ घंटों की औपचारिक कार्रवाई के बजाय सतत निगरानी और जागरूकता अभियान की आवश्यकता है।

अब देखना यह होगा कि जांच टीम के आगमन के बाद यह सख्ती नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनती है या फिर औपचारिकता तक ही सीमित रह जाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post