तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत, युवक घायल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी: कुठला थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राम निवास वार्ड निवासी नीरज कुमार सोनकर उर्फ पिंटू ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके साढ़ू भाई बबलू सोनकर का भाई रोहित सोनकर अपनी मां सुनिया सोनकर के साथ मोटरसाइकिल से मैहर से कटनी लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे पठरा मोड़ के आगे पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक PB13BA1615 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही सुनिया सोनकर सड़क पर गिर गईं और ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चालक रोहित सोनकर को कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल कटनी लाया गया, जहां सुनिया बाई के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है, जबकि घायल रोहित सोनकर का इलाज जारी है।
पुलिस ने मोटर यान अधिनियम 1988 की धारा 184,BNS 106(1)BNS 125(a)BNS 281के तहत अज्ञात पर प्रकरण दर्ज किया गया है व ट्रक जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है

Post a Comment