कुठला थाना के पीछे अवैध प्लाटिंग का खेल, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल
कटनी/आशीष चौधरी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :शहर में अवैध प्लाटिंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार ताजा मामला कुठला थाना क्षेत्र का है, जहां थाना परिसर के पीछे और बेल्वेदर स्कूल के बाजू से बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉट काटे जाने की जानकारी सामने आई है। नगर निगम कटनी सीमा के भीतर आने वाले इस क्षेत्र में नियमों को दरकिनार कर जमीन को टुकड़ों में विभाजित कर बेचा जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार कृषि भूमि को बिना विधिवत डायवर्सन और कॉलोनी विकास की वैधानिक अनुमति के प्लॉट में बदला जा रहा है। डस्ट डालकर कच्ची सड़क तैयार कर दी गई है, ताकि खरीदारों को विकसित कॉलोनी का आभास कराया जा सके। न तो नाली की व्यवस्था, न बिजली-पानी का वैध कनेक्शन और न ही अन्य मूलभूत सुविधाएं—इसके बावजूद धड़ल्ले से प्लॉट बेचे जा रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा खेल थाना क्षेत्र के पीछे संचालित हो रहा है, फिर भी जिम्मेदार विभागों की नजरें इस ओर नहीं पहुंच रहीं। नगर निगम और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं, या फिर सब कुछ जानकारी में होते हुए भी कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है?
विशेषज्ञों का कहना है कि अवैध प्लाटिंग से न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है, बल्कि भविष्य में आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बिना स्वीकृत कॉलोनी में प्लॉट खरीदने वाले लोग बाद में सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकते नजर आते हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की जांच कर अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में नियम आधारित विकास सुनिश्चित हो सके।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है या फिर अवैध प्लाटिंग का यह खेल यूं ही जारी रहेगा।

Post a Comment