कटनी: बिलहरी बाजार में जुआ खेलते तीन जुआरी गिरफ्तार, नगद और ताश की गड्डी जब्त
कटनी/आशीष चौधरी :कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलहरी चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए बिलहरी बाजार में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश देकर तीन जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी कुठला के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बिलहरी बाजार क्षेत्र में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और मौके पर जुआ खेल रहे तीन व्यक्तियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तथा जुए के फड़ से कुल 5,550 रुपये नगद एवं 52 पत्तों की ताश की गड्डी जब्त की। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय के साथ प्रधान आरक्षक 182 संतोष, प्रधान आरक्षक 654 भरत विश्वकर्मा तथा आरक्षक 534 सौरभ जैन की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Post a Comment