स्लीमनाबाद में भीषण आग से पवन ज्वेलर्स जलकर खाक, लाखों का नुकसान
स्लीमनाबाद, कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस
कटनी जिले के स्लीमनाबाद ग्राम में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें बस स्टैंड के पास स्थित पवन ज्वेलर्स की दुकान में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के साथ-साथ मकान के ऊपरी कमरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में परिवार की जीवन भर की जमा पूंजी जलकर राख हो गई।
दुकान एवं मकान के मालिक नारायण दास सोनी ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि घर का सामान तक बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। अग्निकांड में करीब एक लाख रुपये नकद, लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, फर्नीचर, कूलर सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित के अनुसार वर्षों की मेहनत की कमाई पलभर में खत्म हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। सूचना देने के लगभग डेढ़ घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर नियंत्रण पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था।
पीड़ित नारायण दास सोनी ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में बिजली के खंभों पर तारों की स्थिति बेहद खराब और उलझी हुई है, जिसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि विभाग की इसी अनदेखी का खामियाजा उन्हें आज भारी नुकसान के रूप में भुगतना पड़ा है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग उठ रही है।

Post a Comment