*नगर निगम ने दिखाया सख्त तेवर: माधव नगर और मुख्य मार्गों से हटाया अतिक्रमण, फुटपाथ कराए खाली*
कटनी / न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर की सड़कों पर बढ़ते दबाव और यातायात की बाधाओं को दूर करने के लिए नगर पालिक निगम प्रशासन ने बुधवार को बड़ा एक्शन लिया। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने पुलिस बल के साथ मिलकर उपनगरीय क्षेत्र माधव नगर और शहर के प्रमुख व्यावसायिक मार्गों पर वृहद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान पंचायत चौराहे पर 8 दुकानों की अवैध संरचनाओं को ढहा दिया गया।
*पंचायत चौराहे पर चला निगम का पंजा*
माधव नगर के तांगा स्टैंड और पंचायत चौराहे पर लंबे समय से अस्थायी दुकानों, ठेलों और अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बन रही थी। अतिक्रमण प्रभारी श्री सिंह की मौजूदगी में टीम ने उन 8 दुकानों को चिन्हित किया जिन्होंने सीमा से बाहर निकलकर टीन शेड और बोर्ड लगा रखे थे। अमले ने इन सभी अनाधिकृत ढांचों को मौके से हटाकर मार्ग को साफ कराया। सब्जी विक्रेताओं और हाथ ठेलों को भी व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित किया गया।
फुटपाथों से हटी दुकानें, राहगीरों को मिली राहत
नगरीय क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए महारानी लक्ष्मीबाई तिराहा से कोतवाली तिराहा तक अभियान चलाया गया। यहाँ फुटपाथों पर कब्जा जमाए बैठी अस्थायी दुकानों को हटाया गया, जिससे पैदल चलने वालों को राहत मिली। इसके अलावा कोतवाली तिराहा से मिशन चौक के बीच सड़क किनारे अव्यवस्थित ठेलों और टपरों को भी अलग कराया गया।
*दुकानदारों को अंतिम चेतावनी*
कार्यवाही के साथ-साथ निगम अमले ने पूरे शहर में मुनादी (लाउडस्पीकर) के माध्यम से दुकानदारों को सचेत किया। अपील की गई है कि सभी दुकानदार अपनी सामग्री दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि दोबारा फुटपाथ या मुख्य मार्ग बाधित पाया गया, तो सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment