मंदिर में चोरी, आस्था पर चोट: दुर्गा मंदिर से 60 हजार के आभूषण पार
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । माधवनगर थाना क्षेत्र के पिपरौंध इलाके में स्थित दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है, जिसने श्रद्धालुओं की आस्था को झकझोर दिया है। अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर के गर्भगृह में घुसकर माता के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर से चांदी के बड़े और छोटे छत्र, सोने का मंगलसूत्र तथा पुरानी चांदी की सुतिया चोरी कर ले गए। सुबह जब पुजारी ने मंदिर के कपाट खोले, तब घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए।
चोरी गए आभूषणों की कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है। सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Post a Comment