तेज रफ्तार ट्रक दीवार से टकराकर पलटा, कंपनी को लाखों का नुकसान
कटनी /आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : सर्वोदय इंडस्ट्रियल एरिया में देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर कंपनी की दीवार से टकरा गया और पलट गया। हादसे में कंपनी की बाउंड्री वॉल, फिल्टर रूम और कमरे में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लगभग चार से पांच लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह सर्वोदय इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कंपनी में मैनेजर के रूप में कार्य करता है और वहीं रहता है। दिनांक 7 मार्च 2026 की रात करीब 1 बजे वह कंपनी परिसर में सो रहा था। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 08 AV 9427 का चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया और सर्वोदय इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन कंपनी के सामने बनी दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पलट गया।
हादसे में कंपनी की बाउंड्री वॉल, फिल्टर रूम और कमरे में रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलने पर सपन बर्मन और प्रफुल आनंदिकर मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घटना को देखा और सुना।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने कंपनी मालिक के बेटे दिंवंाद भार्गव को सूचना दी और उनके साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Post a Comment