*महापौर की जनसुनवाई से अधिकारी रहे गायब*
* *नाराज महापौर बीच में जनसुनवाई छोड़कर उठीं*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : नगर निगम में अधिकारियों और कर्मचारियों की बेलगाम कार्यप्रणाली एक बार फिर सुर्खियों में है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार
मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति निर्मित हो गई, जब अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे शहरवासियों को सुनने के लिए विभागों के जिम्मेदार अधिकारी अपनी कुर्सियों से नदारद मिले। अधिकारियों की इस गैर-जिम्मेदारी से नाराज महापौर प्रीति सूरी जनसुनवाई बीच में ही छोड़कर अपने कक्ष में लौट गईं।
*आम जनता परेशान, कुर्सियां रहीं खाली*
सप्ताह के निर्धारित मंगलवार के दिन होने के नाते बड़ी संख्या में लोग शहर के विभिन्न वार्डों से अपनी समस्याओं (सफाई, पानी, टैक्स और निर्माण कार्य) के निराकरण की उम्मीद लेकर निगम कार्यालय पहुंचे थे। नियत समय पर महापौर प्रीति सूरी तो जनसुनवाई कक्ष में मौजूद रहीं, लेकिन अधिकांश विभागों के विभागाध्यक्ष और जिम्मेदार अधिकारी वहां नहीं पहुंचे। काफी देर इंतजार करने के बाद जब कुर्सियां खाली ही रहीं, तो महापौर नाराज हो गई।
*महापौर ने जताई कड़ी नाराजगी*
अधिकारियों की इस अनुपस्थिति को महापौर ने सीधे तौर पर जनता के काम में बाधा और अनुशासनहीनता माना। उन्होंने स्पष्ट रूप से नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जब जनसुनवाई का समय तय है, तो अधिकारियों का न पहुंचना उनकी मनमानी को दर्शाता है। नाराज महापौर जनसुनवाई स्थगित कर अपने कक्ष में चली गईं, जिससे दूर-दराज से आए आवेदकों को काफी निराशा हुई।

Post a Comment