तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से कार पलटी, छह घायल
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :बड़वारा थाना अंतर्गत ग्राम पहरिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से कार पलट गई, जिससे उसमें सवार छह लोग घायल हो गए। घटना 2 मार्च 2026 की बताई जा रही है, जिसकी रिपोर्ट 3 मार्च 2026 को थाने में दर्ज की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोशन नगर (एन.के.जे.) निवासी शिकायतकर्ता अपने साथियों रामकुमार वंशकार, श्रीचंद ढीमर, हर्षित कोरी, दुर्गेश धुर्वे, राहुल गुर्जर एवं दुर्गेश ठाकुर के साथ कार क्रमांक MP-19-CK-5550 से पहरिया मेन रोड पर डामरीकरण कार्य के संबंध में बातचीत करने गए थे। काम की चर्चा के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे।
बताया गया है कि जैसे ही उनकी कार ग्राम पहरिया मोड़ के पास पहुंची, पीछे से आ रही हाईवा क्रमांक MP-20-HB-9901 के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसमें सवार सभी लोगों को हाथ, पैर, कमर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं हाईवा भी मौके पर फंस गया।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल कटनी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल साथियों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर स्थित स्मार्ट सिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर हाईवा चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई थी।

Post a Comment