विद्यालयों से गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में


 

विद्यालयों से गैस सिलेंडर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :थाना बड़वारा क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में हुई गैस सिलेंडर चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सिलेंडर एवं वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया है।

तीन अलग-अलग मामलों में दर्ज हुई थीं रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार 16 जनवरी 2026 को प्राथमिक शाला अमाड़ी से गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत पर अपराध क्रमांक 30/26 धारा 331(4), 305ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद 18 मार्च 2026 को माध्यमिक शाला पौड़ी से दो सिलेंडर चोरी होने पर अपराध क्रमांक 163/26 तथा 21 मार्च 2026 को शासकीय माध्यमिक शाला भजिया से पांच सिलेंडर चोरी होने पर अपराध क्रमांक 167/26 दर्ज किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों से गिरोह तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी बड़वारा द्वारा विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।

आरोपी रात में ऑटो से करते थे चोरी
गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार उर्फ मन्नू यादव (35) निवासी भजिया हाल रोशन नगर एवं दीपक कुशवाहा (24) निवासी खिरहनी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय ऑटो (एमपी 21 आर 1639) से विभिन्न विद्यालयों की रसोई से गैस सिलेंडर चोरी करते थे।

8 सिलेंडर बरामद, ऑटो जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8 गैस सिलेंडर, जिनकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये है, बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है।

न्यायालय में पेश
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग आरोपी को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post