*पन्ना-कटनी रोड पर भीषण हादसा: ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, एक की मौत, दो गंभीर*
शाहनगर/कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शाहनगर थाना क्षेत्र के केन नदी के पास हुआ, जहाँ गड्ढों से बचने की कोशिश में एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
*गड्ढों से बचने के चक्कर में रॉन्ग साइड आया ट्रक*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण वाहन चलाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। घटना के समय ट्रक चालक गड्ढे से बचने की कोशिश कर रहा था, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आ गया और सामने से आ रही बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। एक युवक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
*सीमेंट प्लांट में कार्यरत थे तीनों युवक*
हादसे का शिकार हुए तीनों युवक पड़ोसी जिले कटनी के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
* भारत केवट (22 वर्ष), निवासी ग्राम पिपरा, थाना विजयराघवगढ़
* राजकुमार केवट (24 वर्ष), निवासी ग्राम पिपरा
* अमित केवट (28 वर्ष), निवासी ग्राम पिपरा
जानकारी के अनुसार, ये तीनों एक सीमेंट प्लांट में काम करते थे और रविवार की छुट्टी होने के कारण बाइक से अपने घर जा रहे थे।
हादसे के तुरंत बाद वन रक्षक आशीष पांडेय, राजकमल पांडेय और अन्य राहगीरों ने सक्रियता दिखाते हुए घायलों की मदद की। सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहनगर पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया है।

Post a Comment