थाना छोटा, कारें बड़ी: रंगनाथ थाने के बाहर आरक्षकों की लग्जरी गाड़ियों की कतार, राहगीरों के लिए बना खतरा
कटनी:न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :
कटनी जिले के कुछ थाने इन दिनों अपनी कार्यशैली से ज्यादा पुलिस कर्मियों की लग्जरी गाड़ियों को लेकर चर्चा में हैं। हालात यह हैं कि कई थानों में आरक्षक और सिपाही भी कार से ड्यूटी करने आते दिखाई दे रहे हैं। लाखों रुपये कीमत वाली इन कारों से थाने पहुंचने वाले पुलिस कर्मी खुलेआम अपना रुतबा दिखाते नजर आते हैं।
जिले के कई थानों के साथ-साथ रंगनाथ थाना भी इन चर्चाओं में शामिल हो गया है। यहां अक्सर थाने के बाहर कारों की लंबी कतार लगी रहती है। स्थिति यह हो जाती है कि छोटे से थाने परिसर में वाहनों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। ऐसे में कई पुलिस कर्मी अपनी कारें मुख्य सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं।
मुख्य मार्ग पर खड़ी इन गाड़ियों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। संकरी सड़क पर अचानक खड़ी गाड़ियों से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम नागरिक अगर सड़क पर वाहन खड़ा कर दे तो तुरंत कार्रवाई हो जाती है, लेकिन जब मामला पुलिस कर्मियों का हो तो कोई कुछ कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाता।
लोगों का यह भी सवाल है कि छोटे से थाना परिसर में इतनी महंगी कारों की मौजूदगी आखिर किस बात की ओर इशारा करती है। थाना भले छोटा हो, लेकिन बाहर खड़ी गाड़ियों को देखकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जरूर शुरू हो गई हैं। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति को गंभीरता से लेते हैं या फिर यह “कार संस्कृति” यूं ही जारी रहती है।
Post a Comment