*धनवाही कौड़िया में खूनी होली: प्रौढ़ की लाठियों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, गांव में मातम*



*धनवाही कौड़िया में खूनी होली: प्रौढ़ की लाठियों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या, गांव में मातम*

कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :जिलेभर में जहां लोग होली के रंगों में सराबोर थे, वहीं कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम धनवाही कौड़िया में खून की होली खेली गई। पुरानी रंजिश या किसी अज्ञात विवाद के चलते एक 52 वर्षीय प्रौढ़ की लाठियों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।


*दिनदहाड़े वारदात से सनसनी*

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम धनवाही कौड़िया निवासी किशोरी बसोर (52 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि होली के दिन जब गांव में उत्सव का माहौल था, तभी गांव के ही कुछ लोगों ने किशोरी बसोर पर लाठियों से हमला बोल दिया। हमला इतना बर्बर था कि लाठियों के वार से प्रौढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या से गांव में हड़कंप मच गया।


*पुलिस ने संभाला मोर्चा*

वारदात की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल मोर्चा संभाला और गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


*पुरानी रंजिश की आशंका*

हालांकि हत्या के सटीक कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्राथमिक जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मामला पुरानी रंजिश या किसी बात को लेकर हुए विवाद से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस एंगल पर गंभीरता से जांच कर रही है।


*पुलिस की जांच जारी*

स्लीमनाबाद पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही पुलिस टीम सक्रिय है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post