कटनी नगर के खिरहनी स्थित ' सोना बेकरी' (ब्रेड फैक्ट्री) पर जिला प्रशासन की टीम ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में खुलासा: सोना बेकरी में मिली फंगस लगी ब्रेड, मौके पर कराई नष्ट
कटनी/ आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस - जिले के नागरिकों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अमानक ,मिलावटी खाद्य पदार्थ निर्माताओं और विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के कलेक्टर कटनी के द्वारा दिये गये निर्देशों के पालन में शनिवार को कटनी नगर के खिरहनी स्थित सोना बेकरी' (ब्रेड फैक्ट्री) पर जिला प्रशासन की टीम ने औचक निरीक्षण किया।
*निरीक्षण में मिली गंदगी*
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट साक्षी शुक्ला की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बृजेश विश्वकर्मा एवं उनकी टीम ने फैक्ट्री परिसर की जांच की। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में स्वच्छता का अभाव पाया गया जिसके बाद तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*सैंपल लिए और खराब स्टॉक किया नष्ट*
कार्रवाई के दौरान टीम ने गुणवत्ता की जांच हेतु टोस्ट और ब्रेड के चार-चार अलग-अलग सैंपल एकत्र किए गए। साथ ही फैक्ट्री में पृथक रखी हुई 26 कैरेट फंगस लगी ब्रेड (प्रति कैरेट 40 नग) पाई गई। स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक होने के कारण इस पूरे स्टॉक को मौके पर ही जब्त कर तत्काल नष्ट करवा दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी या अमानक खाद्य सामग्री बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आम जनमानस के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली इकाइयों पर भविष्य में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
खबरों विज्ञापन के लिए सम्पर्क करे
कटनी संवाददाता :9977535212

Post a Comment