नाबालिग का अपहरण: रामलीला देखने निकली बालिका को बहला-फुसलाकर ले गए आरोपी, पुलिस ने सुरक्षित किया दस्तयाब
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालिका अपने मामा के घर से रामलीला देखने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसी दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 की रात करीब 2:30 बजे प्रार्थी ने थाना ढीमरखेड़ा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री घर से रामलीला देखने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। संदेह जताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 199/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दो अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की। साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के सभी सरहदी थानों को अलर्ट कर चौतरफा नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान सूचना मिली कि तीन युवक काली बोलेरो वाहन से आए थे और बालिका को अपने साथ ले गए।
पुलिस टीमों की तत्परता और लगातार प्रयासों के चलते बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राज बागरी (20) निवासी महुदा थाना सिंगपुर, विनय बागरी (20) निवासी रिकआकला नागौद तथा एक अपचारी बालक शामिल है। पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य अभियुक्त एक बाल अपचारी है।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो आरोपियों को जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं, जबकि बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक गंभीर घटना को समय रहते सुलझा लिया गया और नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

Post a Comment