चाय-नाश्ते के नाम पर पंचायत में हजारों का खेल, एक ही नाम से बनते रहे व्यय वाउचर
कटनी :कटनी जिले के जनपद रिठी अंतर्गत ग्राम पंचायत बांधा में वित्तीय अनियमितताओं का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पंचायत कार्यालय में हर माह चाय-नाश्ते के नाम पर 3 हजार से 5 हजार रुपये तक का खर्च दिखाया जा रहा है, जबकि इन खर्चों के समर्थन में कोई ठोस बिल या प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचायत में लगातार एक ही व्यक्ति—राजा राम सोनी—के नाम से व्यय वाउचर लगाकर भुगतान किए जाने का सिलसिला जारी है। हैरानी की बात यह है कि छोटे-छोटे खर्चों के नाम पर बनाए गए इन वाउचरों की कुल राशि हजारों से बढ़कर लाखों तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर उठ रहे सवालों के बीच यह मामला अब जांच का विषय बनता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना बिल के बार-बार एक ही नाम से भुगतान होना सीधे तौर पर गड़बड़ी की ओर इशारा करता है।
गौरतलब है कि उक्त पंचायत में बलराम सोनी सचिव के पद पर कार्यरत हैं, जबकि सरपंच का दायित्व शांति बाई के पास है। ऐसे में पंचायत के वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शिता को लेकर जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या जांच के बाद वास्तविक स्थिति सामने आ पाती है या नहीं।

Post a Comment