बेलगाम हाईवा का कहर: विजयराघवगढ़ में महिला को रौंदा, मौके पर मौत


 

विजयराघवगढ़ में हाईवा की टक्कर से महिला की मौत

कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार हाईवा डम्फर ने पैदल जा रही महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना ग्राम देवसरी के पास इंदौर-महानदी पुल के आगे अनिल पटेल के खेत के समीप हुई। यहां हाईवा डम्फर (क्रमांक MP04HE 3517) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पैदल जा रही लगभग 50 वर्षीय आनन्दरानी उर्फ आनंदी बाई को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतिका की पहचान शाहनगर, जिला पन्ना निवासी के रूप में हुई है, जो किसी कार्य से क्षेत्र में आई हुई थीं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी डम्फर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा वाहन को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और नियमित चेकिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post