सरकारी दफ्तर भी सुरक्षित नहीं: RTO परिसर से बस के पुर्जे चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल


 

सरकारी दफ्तर भी सुरक्षित नहीं: RTO परिसर से बस के पुर्जे चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा घटनाक्रम ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है। अब चोर आम घरों के बजाय सरकारी परिसरों और संवेदनशील स्थानों को निशाना बना रहे हैं। इसी कड़ी में कुठला थाना क्षेत्र स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) परिसर में हुई चोरी ने पुलिस व्यवस्था को सीधे चुनौती दी है।

आरटीओ परिसर में खड़ी बस से लाखों के पुर्जे पार
प्राप्त जानकारी के अनुसार मझगवां फाटक स्थित RTO कार्यालय परिसर में खड़ी एक बस को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। सहायक वर्ग-1 रामपरीक्षा राम द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि चोरों ने बस में लगे बैटरी, स्टेफनी, अल्टीनेटर, सेल्फ, जैक, टाई लीवर, टूल किट और महंगी वायरिंग पार कर दी। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात एक सरकारी कार्यालय परिसर के भीतर हुई, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने के दावे किए जाते हैं। इससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं, बल्कि आम नागरिकों में भी असुरक्षा की भावना बढ़ी है।

जांच में जुटी पुलिस, अब तक सुराग नहीं
घटना की सूचना मिलते ही कुठला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पुराने अपराधियों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।

इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। नागरिकों का कहना है कि जब सरकारी कार्यालय ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post