105 पाव प्लेन, 52 पाव मसाला, 18 पाव गोवा व्हिस्की व 19 केन बीयर जब्त – अवैध शराब पर आबकारी का शिकंजा
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :
जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ प्रशासन ने अब सख्त तेवर अपना लिए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी विभाग ने विजयराघवगढ़ क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर शराब के अवैध कारोबारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान म.प्र. आबकारी अधिनियम के तहत 8 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए, जिससे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
जिला आबकारी अधिकारी के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन और आमजन से मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीम ने आबकारी कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में कई गांवों में एक साथ दबिश दी। भैंसवाही, जंगलपुरैनी, रजरवारा नंबर-1, गुड़ेहा, खरखरी और रजरवारा नंबर-2 जैसे ग्रामीण इलाकों में की गई इस कार्रवाई ने अवैध नेटवर्क की परतें खोल दीं।
छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की, जिसमें 105 पाव प्लेन शराब, 52 पाव मसाला शराब, 18 पाव गोवा व्हिस्की और 19 केन बीयर शामिल हैं। जब्त की गई मदिरा की कुल कीमत करीब 18 हजार 540 रुपए आंकी गई है।
इस अभियान में आबकारी उप-निरीक्षक केशव उइके, आंचल प्रजापति और आरक्षक चंद्र प्रकाश त्रिपाठी सहित विभागीय अमले ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Post a Comment