*गोवा की गलियों से चल रहा था कटनी में करोड़ों का 'IPL सट्टा', माधवनगर के नामचीन सटोरिए गिरफ्तार*



*गोवा की गलियों से चल रहा था कटनी में करोड़ों का 'IPL सट्टा', माधवनगर के नामचीन सटोरिए गिरफ्तार*

कटनी/ न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी : आईपीएल (IPL) के रोमांच के बीच कटनी पुलिस ने सट्टेबाजी के काले कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन लिफ्ट' के तहत माधवनगर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि सट्टे का यह नेटवर्क कटनी से नहीं, बल्कि सैकड़ों किलोमीटर दूर गोवा की गलियों से संचालित किया जा रहा था।


*गोवा से 4 और कटनी से 2 सटोरिए दबोचे*

पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि माधवनगर के बड़े सटोरिए अपनी लोकेशन बदलकर गोवा में डेरा डाले हुए हैं और वहीं से पूरे देश में ऑनलाइन सट्टे का जाल फैला रहे हैं। एसपी ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन कर गोवा रवाना किया। टीम ने वहां छापामार कार्रवाई करते हुए माधवनगर के चार दिग्गज सटोरियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। वहीं, कटनी में भी दबिश देकर दो अन्य सहयोगियों को पकड़ा गया है।


*गिरफ्तार मुख्य आरोपी:*

* पिंका आडवानी

* रोहित

* बंटी

* सुनील

* राहुल (कटनी से गिरफ्तार) एवं एक अन्य सहयोगी।


*करोड़ों का हिसाब और ऑनलाइन नेटवर्क*

पुलिस की प्राथमिक जांच और जब्त दस्तावेजों से यह खुलासा हुआ है कि यह गिरोह न केवल कटनी, बल्कि कल्याण, जयपुर और गोवा जैसे शहरों में अपना नेटवर्क फैला चुका था। आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन और डायरियों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब मिला है। यह गिरोह अत्याधुनिक ऐप्स और ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आईपीएल मैचों पर हार-जीत का दांव लगवा रहा था।


*कई 'सट्टा किंग' हुए भूमिगत, रडार पर बड़े नाम*

पुलिस की इस दबिश के बाद सट्टा बाजार में हड़कंप मच गया है। माधवनगर क्षेत्र में सक्रिय जयपाल, रावलानी और बानवानी जैसे कई अन्य नामचीन सटोरिए पुलिस की भनक लगते ही भूमिगत हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यह कार्रवाई अभी थमी नहीं है। जयपाल और बानवानी गैंग के सदस्य अब पुलिस के रडार पर हैं और उनकी तलाश में छापेमारी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post