खाली प्लॉटों की लेवलिंग में MSW कचरे का खेल? झींझरी के बाद अब इंद्रा नगर में रातों-रात डंपिंग




 


खाली प्लॉटों की लेवलिंग में MSW कचरे का खेल? झींझरी के बाद अब इंद्रा नगर में रातों-रात डंपिंग

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । जिले में नगर प्रबंधन और पर्यावरण मानकों पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में खाली पड़े प्लॉटों और गड्ढों को भरने के लिए बड़े पैमाने पर MSW (म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट) कचरे का उपयोग किया जा रहा है। ताजा मामला झींझरी क्षेत्र के पीछे, कलेक्टर निवास के आसपास से शुरू होकर अब अमकुही रोड होते हुए इंद्रा नगर तक पहुंच गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, झींझरी के पीछे कई ट्रकों से कचरा डालकर प्लॉटों की लेवलिंग की गई। बताया जा रहा है कि यह कचरा नगर निगम की गाड़ियों द्वारा लाया गया और बिना किसी स्पष्ट अनुमति या सूचना के खाली जमीनों में डंप कर दिया गया। अब इसी तरह की गतिविधियां इंद्रा नगर के पीछे भी देखने को मिल रही हैं, जहां रात के अंधेरे में भारी मात्रा में MSW कचरा डाला जा रहा है।

जानकारों का कहना है कि जिन जमीनों में पहले अवैध रूप से मुरुम की खुदाई की गई थी, उन गड्ढों को भरने के लिए इस कचरे का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे न सिर्फ जमीन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध और प्रदूषण का खतरा भी बढ़ गया है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नगर निगम या संबंधित विभाग इस तरह के कचरे के उपयोग की अनुमति कैसे दे रहा है? क्या यह प्रक्रिया नियमों के तहत हो रही है या फिर बिना किसी निगरानी के मनमाने तरीके से कचरे का निपटान किया जा रहा है?

इस पूरे मामले में अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी का स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। वहीं स्थानीय नागरिकों में इसको लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी, तो यह पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

(प्रशासन की चुप्पी और बढ़ते सवाल, आखिर कब होगा खुलासा?)

Post a Comment

Previous Post Next Post