बस स्टैंड चौकी के पीछे गुप्ता भोजनालय में चल रहा था 'मिनी बार', सीएसपी व यातायात प्रभारी की दबिश

 

बस स्टैंड चौकी के पीछे गुप्ता भोजनालय में चल रहा था 'मिनी बार', सीएसपी व यातायात प्रभारी की दबिश



 कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : -शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में भोजनालयों की आड़ में संचालित हो रही अवैध शराबखोरी पर रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। कोतवाली थाना अंतर्गत बस स्टैंड पुलिस चौकी के पीछे स्थित गुप्ता भोजनालय में ग्राहकों को बैठाकर शराब परोसे जाने की सूचना पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया एवं यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह ने पुलिस बल के साथ अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान भोजनालय के भीतर शराब सेवन कर रहे कई लोग पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर भोजनालय के अंदर शराब पीने की व्यवस्था मौजूद थी, जिसकी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में भोजनालय परिसर में ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाए जाने के दृश्य कैद हुए हैं। पुलिस की दबिश के दौरान कई लोग अपने गिलास और सामान छोड़कर जल्दबाजी में बाहर निकलते दिखाई दिए।


स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बस स्टैंड क्षेत्र के कुछ भोजनालयों और ढाबों में लंबे समय से बिना किसी वैध अनुमति के शराब पिलाने का कारोबार संचालित हो रहा है। समय-समय पर शिकायतें होने और कार्रवाई के बावजूद यह गतिविधियां दोबारा शुरू हो जाती हैं। ऐसे में अवैध शराबखोरी को लेकर संरक्षण और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

बस स्टैंड जैसे अत्यधिक व्यस्त सार्वजनिक स्थल पर खुलेआम शराब सेवन की व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, तथा आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होती है।  अब नजर इस बात पर है कि कार्रवाई केवल दबिश तक सीमित रहती है या अवैध रूप से संचालित शराबखोरी के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी और स्थायी कार्रवाई की जाती है।


सूत्रों के अनुसार बस स्टैंड पुलिस चौकी के पीछे स्थित भोजनालय में खुलेआम शराबखोरी की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों तक होने के बावजूद सख्त कदम नहीं उठाए गए। ऐसे में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्ड्य की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना शेष है।






खबरों के लिए सम्पर्क :8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post