राहगीर डे पर उठे सवाल, पार्षदों के वार्डों में गंदगी की तस्वीरें वायरल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :- नगर में प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले "राहगीर डे" को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ लोगों ने कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों और पार्षदों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि जहां एक ओर राहगीर डे के दौरान नाच-गाना, सांस्कृतिक गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर कई वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्टों में दावा किया जा रहा है कि जिन वार्डों के जनप्रतिनिधि राहगीर डे में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, वहां की नालियों में गंदगी जमा है और नियमित सफाई नहीं हो रही। लोगों का कहना है कि केवल फोटो सेशन और कार्यक्रमों के बजाय वार्डों की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए।
इसी क्रम में राम मनोहर लोहिया वार्ड की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं, जिनमें नालियों में जमा गंदगी और सफाई व्यवस्था की स्थिति को दिखाया गया है। तस्वीरों के माध्यम से नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित जनप्रतिनिधियों से वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
सोशल मीडिया पर राहगीर डे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि जनता के टैक्स के लाखों रुपये ऐसे आयोजनों में खर्च किए जा रहे हैं, जबकि कई वार्डों में नालियों की सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। व्यंग्यात्मक टिप्पणियों में कहा जा रहा है कि नागरिक समय पर टैक्स जमा करें, ताकि नगर निगम मोहल्ले-मोहल्ले पहुंचकर नाच-गाने के साथ नालियों की सफाई भी कर सके। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हालांकि इन आरोपों पर संबंधित जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही चर्चा ने नगर की सफाई व्यवस्था और राहगीर डे की उपयोगिता को लेकर नए सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment