*कुठला थाना अंतर्गत अनियंत्रित कार खड़े ट्रक में घुसी, दो युवकों की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर*
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :चाका बायपास ओवरब्रिज के पास गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक (UP 70 EH 2790) में सवार पांचों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे और वहां से वापस उत्तर प्रदेश के गोरखपुर लौट रहे थे। इसी दौरान चाका बायपास ओवरब्रिज के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी।
हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में प्रयागराज निवासी विवेक राजपूत (40 वर्ष) शामिल हैं। वहीं, हादसे में गोरखपुर निवासी प्रीतम शुक्ला, कुंडा (प्रतापगढ़) निवासी अमित सिंह (33 वर्ष) और सूर्यश सेंगर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर के बाद एक युवक कार के मलबे में बुरी तरह फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment