इंदिरा नगर में फिर सक्रिय हुआ सट्टा कारोबार, किराना दुकान से कट रही पर्चियां
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नगर में एक बार फिर अवैध सट्टा कारोबार संचालित होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रेडर्स के बाजू स्थित एक किराना दुकान से खुलेआम सट्टे की पर्चियां काटी जा रही हैं और अवैध रूप से धन अर्जित किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि संबंधित स्थान कुठला थाना से महज लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद इस गतिविधि पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से यह अवैध कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे गरीब एवं मजदूर वर्ग के लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। रोजमर्रा की मेहनत-मजदूरी से अर्जित धन का बड़ा हिस्सा सट्टे के खेल में बर्बाद हो रहा है, जिससे कई परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों और जनचर्चाओं में यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कथित संरक्षण और चढ़ोतरी के कारण इस अवैध गतिविधि पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि पूर्व के कुठला थाना प्रभारी द्वारा इंदिरा नगर की उक्त गली में संचालित सट्टा कारोबार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई थी। उस दौरान अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए संबंधित स्थल पर दीवार खड़ी कर रास्ता तक बंद कराया गया था। इसके बावजूद वर्तमान समय में एक बार फिर क्षेत्र में सट्टा कारोबार धड़ल्ले से संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
वही सूत्रों कि माने तो इसी जगह अवैध शराब की बिक्री बड़ी मात्रा मे की जाती है
अब क्षेत्रवासियों की मांग है कि पुलिस एवं प्रशासन मामले की जांच कर अवैध सट्टा कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और लोगों की मेहनत की कमाई इस तरह के अवैध खेल में बर्बाद होने से बच सके।

Post a Comment