लापरवाही की कीमत: दीवार ढही, महिला ने गंवाए दोनों पैर मजदूरी के दौरान हादसा, ठेकेदार और उसके भांजे पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज


 

लापरवाही की कीमत: दीवार ढही, महिला ने गंवाए दोनों पैर

मजदूरी के दौरान हादसा, ठेकेदार और उसके भांजे पर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज

कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : शहर में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी एक बार फिर बड़ा हादसा बनकर सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में मजदूरी कर रही एक महिला के ऊपर दीवार गिरने से उसके दोनों पैर काटने पड़े। पीड़ित परिवार ने ठेकेदार और उसके भांजे पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कन्हवारा निवासी शिकायतकर्ता ने कोतवाली पुलिस को बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। 26 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 11 बजे वह पहरूआ मंडी में काम कर रहा था, तभी मोबाइल पर सूचना मिली कि उसकी पत्नी अंजो बाई रजक, जो राहुल बाग के पास ठेकेदार मनोज साहू के अधीन मजदूरी कर रही थी, हादसे का शिकार हो गई है। बताया गया कि निर्माण स्थल पर दीवार गिरने से उसके पैरों में गंभीर चोट आई है।

घायल महिला को पहले स्पर्श अस्पताल ले जाया गया, इसके बाद वर्धमान अस्पताल में उपचार कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर के आदि शंकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक इलाज चला। बाद में मेट्रो अस्पताल जबलपुर में डॉक्टरों ने बताया कि दोनों पैरों में रक्त संचार बंद हो चुका है, जिसके चलते महिला के दोनों पैर काटने पड़े।

पीड़ित पति के अनुसार, उसकी पत्नी ने बताया था कि घटना के समय ठेकेदार मनोज साहू का भांजा दीवार तोड़ने का काम कर रहा था। दीवार गिरने से पहले मजदूरों को किसी प्रकार की चेतावनी नहीं दी गई और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। अचानक दीवार गिरने से उसकी पत्नी उसके नीचे दब गई, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई उपकरण या सावधानी नहीं बरती गई। इसी लापरवाही के कारण उसकी पत्नी स्थायी रूप से अपंग हो गई। पत्नी के इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सका और 7 मई 2026 को कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

कोतवाली पुलिस ने मामले में दो लोगो क़ो आरोपी बनाते हुए एफआईआर दर्ज कर  BNS की धारा 125 (b) के तहत जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण स्थलों पर बरती जा रही लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post