लापरवाह कार चालक ने मचाई दहशत, एक के बाद एक तीन लोग चपेट में आए


 लापरवाह कार चालक ने मचाई दहशत, एक के बाद एक तीन लोग चपेट में आए





कटनीन्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : उमरियापान थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। घटना झंडा चौक उमरियापान स्थित जयमंतेश्वरी ज्वेलर्स के सामने की बताई जा रही है, जहां एक लापरवाह कार चालक ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर दुकान के बाहर बैठे दो लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह मझौली का निवासी है और बाजारों में घूम-घूमकर एलईडी बल्ब बेचने का कार्य करता है। रविवार को उमरियापान बाजार में बल्ब बेचने के बाद वह अपनी ससुराल गुढ़ा ढीमरखेड़ा मोटरसाइकिल क्रमांक MP-20-NT-9172 से जा रहा था।


बताया गया कि जैसे ही वह ढीमरखेड़ा मेन रोड स्थित झंडा चौक के पास जयमंतेश्वरी ज्वेलर्स के सामने पहुंचा, तभी कार क्रमांक MP-21-CA-8160 का चालक तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गया, जिससे उसे कमर में चोट आई तथा मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।


घटना के बाद भी कार चालक नहीं रुका और अनियंत्रित कार दुकान के सामने बैठे दशरथ प्रसाद सोनी एवं राहुल कुमार शर्मा को भी टक्कर मार दी। हादसे में दशरथ प्रसाद सोनी के बाएं हाथ की भुजा तथा राहुल कुमार शर्मा के दोनों पैरों में चोटें आई हैं।


घटना को आसपास मौजूद रमेश चौरसिया सहित अन्य लोगों ने देखा। इसके बाद घायल पक्ष थाना उमरियापान पहुंचा और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। वही पुलिस के द्वारा BNS की धारा 125(a),281के तहत कार्यवाही की  गईं है

Post a Comment

Previous Post Next Post