केन-बेतवा परियोजना को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुकदमे वापस लेने की मांग तेज
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासी और किसान परिवारों के समर्थन में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित आंदोलन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरणों को वापस लेने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि परियोजना से प्रभावित परिवार लंबे समय से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के बजाय आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई कर रही है। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष कर रहे लोगों को डराने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दर्ज प्रकरण जल्द वापस नहीं लिए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
वहीं अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष अजय कोल ने कहा कि परियोजना के चलते कई आदिवासी परिवारों के सामने आजीविका और अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों को अब तक भविष्य को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला है।
ग्रामीण अध्यक्ष ओमकार सिंह तेकाम ने दो टूक कहा कि उचित पुनर्वास और पर्याप्त मुआवजा मिलने तक विस्थापन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका कहना था कि सरकार को पहले प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और जीवनयापन की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया गया।

Post a Comment