जुहला बायपास से शुभम जायसवाल गिरफ्तार, 60 पाव अवैध शराब के साथ एनकेजे पुलिस की कार्रवाई
कटनी। एनकेजे थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 60 पाव शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अंग्रेजी एवं देशी शराब की खेप बरामद कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान थाना एनकेजे की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अपना ढाबा के पीछे स्थित जुहला बायपास क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन हमराह स्टाफ एवं स्वतंत्र साक्षी आनंद तिवारी तथा बंटी उर्फ अभिषेक कुतवाल की सहायता से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक खाकी रंग के कार्टून में रखे 25 पाव अंग्रेजी गोवा शराब तथा दूसरे कार्टून में 35 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 60 पाव एवं अनुमानित कीमत लगभग 6,500 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शुभम जायसवाल पिता राजेश जायसवाल (25 वर्ष), निवासी दुबे कॉलोनी, थाना एनकेजे, कटनी बताया। शराब रखने संबंधी वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(ए) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
चूंकि अपराध सात वर्ष से कम सजा से दंडनीय है, इसलिए आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कर न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने जब्त शराब को मालखाने में सुरक्षित रखकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
Post a Comment