आदर्श कॉलोनी में गंदे पानी की दस्तक, तीन दिन से संकट में हजारों लोग दूषित जलापूर्ति से डायरिया-पीलिया का खतरा, रहवासी बोले— जल्द नहीं चेते तो बिगड़ सकते हैं हालात


 

आदर्श कॉलोनी में गंदे पानी की दस्तक, तीन दिन से संकट में हजारों लोग

दूषित जलापूर्ति से डायरिया-पीलिया का खतरा, रहवासी बोले— जल्द नहीं चेते तो बिगड़ सकते हैं हालात

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । शहर की आदर्श कॉलोनी इन दिनों पेयजल संकट और स्वास्थ्य संबंधी आशंकाओं से जूझ रही है। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से घरों तक पहुंच रहा पानी साफ नहीं, बल्कि गंदगी और अशुद्धियों से भरा हुआ बताया जा रहा है। सरकारी नलों से निकल रहे दूषित पानी ने रहवासियों की चिंता बढ़ा दी है। गर्मी के मौसम में जब स्वच्छ पेयजल की आवश्यकता सबसे अधिक होती है, तब लोगों को साफ पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार नलों से आ रहा पानी मटमैला और बदबूयुक्त है, जिसे पीना तो दूर, घरेलू उपयोग में लेना भी मुश्किल हो गया है। कई परिवार मजबूरी में निजी स्रोतों या खरीदकर पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। स्थिति लगातार बनी रहने से क्षेत्र में नाराजगी बढ़ रही है।

मामले को लेकर क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार एवं रहवासी ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। उनका कहना है कि दूषित पानी के सेवन से डायरिया, पीलिया, टाइफाइड सहित अन्य जलजनित बीमारियों का प्रकोप फैल सकता है। ऐसे में यह केवल जलापूर्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय बन चुका है।

रहवासियों का संदेह है कि कहीं जलापूर्ति लाइन में लीकेज या सीवेज का पानी मिश्रित होने जैसी तकनीकी समस्या तो नहीं है। लोगों का कहना है कि जब तक कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक समस्या दूर होना संभव नहीं है।

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था की तत्काल जांच कराई जाए, दूषित पानी की सप्लाई बंद कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा समस्या के निराकरण तक प्रभावित क्षेत्र में पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

आदर्श कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और इस तरह की लापरवाही किसी बड़े स्वास्थ्य संकट को जन्म दे सकती है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक लोगों को गंदे पानी की इस परेशानी से राहत मिलती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post