कचरे में मिट्टी मिलाकर बढ़ाया जा रहा वजन? कैमरा देखते ही मौके से हटे कर्मचारी MSW की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, निगम प्रशासन की निगरानी पर भी चर्चा


 

कचरे में मिट्टी मिलाकर बढ़ाया जा रहा वजन? कैमरा देखते ही मौके से हटे कर्मचारी

MSW की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, निगम प्रशासन की निगरानी पर भी चर्चा

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । नगर निगम कटनी के लिए कचरा संग्रहण का कार्य कर रही एजेंसी MSW की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रविवार दोपहर दुर्गा चौक क्षेत्र के समीप खीरेहनी गांव में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने कचरा प्रबंधन व्यवस्था की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक MSW वाहन (लोडर) में जेसीबी मशीन की सहायता से मिट्टी भरी जा रही थी। आरोप है कि यह कार्य वाहन का वजन बढ़ाने के उद्देश्य से किया जा रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही मीडिया प्रतिनिधियों ने मौके पर कैमरा चालू किया, वहां मौजूद कर्मचारी कार्य अधूरा छोड़कर हट गए।

घटना के संबंध में जब MSW के जिम्मेदार अधिकारियों से जानकारी ली गई तो उनका कहना था कि वाहन क्षेत्र में निरीक्षण और परीक्षण के लिए गए थे तथा मिट्टी और कचरे की स्थिति की जांच की जा रही थी। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह केवल निरीक्षण था तो फिर जेसीबी से वाहन में मिट्टी भरने की आवश्यकता क्यों पड़ी, यह जांच का विषय है।

इधर, मामले में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में निगम प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आ पाया।

गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा शहर के कचरा संग्रहण एवं परिवहन कार्य के लिए एजेंसी को प्रतिमाह लाखों रुपये का भुगतान किया जाता है। ऐसे में यदि कचरे के वजन में कृत्रिम वृद्धि करने जैसी गतिविधियां सामने आती हैं तो इससे न केवल सरकारी धन के उपयोग पर सवाल खड़े होते हैं, बल्कि पूरे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तंत्र की विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है।

स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कराता है या नहीं।



Post a Comment

Previous Post Next Post