OYO होटल में पुलिस दबिश के बाद उठे सवाल, जांच प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने जताई आपत्ति महिला पुलिस की अनुपस्थिति और दस्तावेजों की जांच नहीं होने के आरोप, एसडीओपी ने कहा- आवश्यकता हुई तो दोबारा होगी जांच


 


OYO होटल में पुलिस दबिश के बाद उठे सवाल, जांच प्रक्रिया पर ग्रामीणों ने जताई आपत्ति
महिला पुलिस की अनुपस्थिति और दस्तावेजों की जांच नहीं होने के आरोप, एसडीओपी ने कहा- आवश्यकता हुई तो दोबारा होगी जांच

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :- कटनी जिले के स्लीमनाबाद क्षेत्र स्थित राधिका OYO होटल में गुरुवार को पुलिस द्वारा की गई दबिश के बाद अब कार्रवाई से अधिक उसकी जांच प्रक्रिया चर्चा का विषय बन गई है। जिला पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के आधार पर स्लीमनाबाद थाना पुलिस होटल पहुंची थी, जहां कमरों में ठहरे जोड़ों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार सभी व्यक्ति बालिग पाए गए और मौके पर कोई आपत्तिजनक स्थिति नहीं मिलने के कारण आगे की कार्रवाई नहीं की गई।

हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई पर स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कई सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि होटल में अवैध गतिविधियों की सूचना के आधार पर दबिश दी गई थी, तो जांच अधिक व्यापक और नियमसम्मत होनी चाहिए थी। आरोप है कि पुलिस टीम बिना महिला आरक्षक के होटल पहुंची, जबकि महिलाओं की उपस्थिति वाले कमरों की जांच के दौरान महिला पुलिस बल का साथ आवश्यक माना जाता है।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि होटल का आवक-जावक रजिस्टर, ग्राहकों के पहचान दस्तावेज, चेक-इन एवं चेक-आउट विवरण तथा अन्य अभिलेखों की गंभीरता से जांच नहीं की गई। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में होटल रजिस्टर, आईडी वेरिफिकेशन और सीसीटीवी फुटेज की जांच से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। साथ ही होटल संचालन से जुड़े आवश्यक लाइसेंस और वैधानिक दस्तावेजों का परीक्षण भी आवश्यक था।

स्थानीय लोगों के अनुसार केवल मौखिक पूछताछ के आधार पर सभी के बालिग होने की पुष्टि कर देना पर्याप्त नहीं माना जा सकता। पहचान और उम्र के सत्यापन के लिए आधार कार्ड अथवा अन्य वैध दस्तावेजों की जांच आवश्यक होती है। उनका कहना है कि यदि सूचना निराधार थी तो विस्तृत जांच के माध्यम से इसे सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया जाना चाहिए था।

मामले को लेकर अब ग्रामीणों द्वारा पुलिस अधीक्षक कटनी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग किए जाने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुरूप हुई या नहीं।

क्या कहते हैं अधिकारी

स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने कहा कि थाना प्रभारी द्वारा नियमानुसार जांच की गई होगी। यदि आवश्यकता महसूस होती है और महिला पुलिस बल द्वारा जांच कराए जाने की जरूरत प्रतीत होती है, तो महिला पुलिस कर्मियों के साथ होटल की पुनः जांच कराई जाएगी।

फिलहाल मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post