स्टैंड शुल्क की वसूली जारी, सुरक्षा नदारद... जिला अस्पताल परिसर से एक्टिवा स्कूटी चोरी
जहां हर वाहन से शुल्क वसूला जाता है, वहीं अस्पताल परिसर में चोरों के हौसले बुलंद
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । जिला अस्पताल परिसर में वाहन खड़ा करने वाले हर व्यक्ति से स्टैंड शुल्क तो पूरी सख्ती के साथ वसूला जाता है, लेकिन उन्हीं वाहनों की सुरक्षा भगवान भरोसे नजर आती है। अस्पताल परिसर में जगह-जगह सक्रिय वसूली कर्मी वाहन खड़ा होते ही शुल्क मांगने पहुंच जाते हैं, लेकिन चोरी होने पर सुरक्षा की कोई जिम्मेदारी लेने वाला दिखाई नहीं देता।
ऐसा ही मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जिला अस्पताल परिसर से सामने आया है। ग्राम छहरी निवासी 22 वर्षीय शिवा कोल पिता शंभू कोल इलाज संबंधी कार्य से जिला अस्पताल आया था। उसने अपनी एक्टिवा स्कूटी क्रमांक MP 21 ZH 4668 अस्पताल परिसर में खड़ी की और अंदर चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर स्कूटी मौके से गायब मिली। अज्ञात चोर करीब 40 हजार रुपये कीमत की स्कूटी चोरी कर ले गए।
घटना ने एक बार फिर अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और स्टैंड संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब परिसर में हर वाहन से शुल्क वसूला जा रहा है, तब चोरी जैसी घटनाओं की जिम्मेदारी कौन लेगा? यदि वाहन मालिक से पार्किंग के नाम पर राशि ली जाती है, तो उसके वाहन की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी संबंधित व्यवस्था की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल आने वाले लोगों का कहना है कि यदि पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है तो केवल वसूली ही नहीं, बल्कि वाहनों की सुरक्षा की भी ठोस व्यवस्था की जानी चाहिए।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :- 8989601972

Post a Comment