एनकेजे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 350 पाव अवैध शराब के साथ आदतन आरोपी गिरफ्तार, 34 हजार से अधिक की शराब जब्त


 

एनकेजे पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 350 पाव अवैध शराब के साथ आदतन आरोपी गिरफ्तार, 34 हजार से अधिक की शराब जब्त

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना एनकेजे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन आरोपी को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 63 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 34,560 रुपये बताई गई है।

थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अग्रवाल का बाड़ा, मूंगाबाई कॉलोनी रोड पर एक व्यक्ति बिक्री के उद्देश्य से अवैध शराब का भंडारण किए हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राज निषाद (37), पिता स्वर्गीय रामकिशोर निषाद, निवासी बाबा घाट, थाना एनकेजे, जिला कटनी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी तीन प्लास्टिक की बोरियों से 161 पाव देशी लाल मसाला शराब, 160 पाव देशी प्लेन शराब तथा 29 पाव गोवा शराब बरामद हुई। कुल 350 पाव (लगभग 63 लीटर) शराब की कीमत करीब 34,560 रुपये आंकी गई।

आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने पूरी खेप जब्त करते हुए उसके विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राज निषाद के विरुद्ध पूर्व से ही 10 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी विस्तृत विवेचना कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post