घर लौटने से पहले ही छिन गई जिंदगी... जुहला बायपास पर तेज रफ्तार वाहन बना हिमांशी पर्यानी की मौत का कारण
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । एनकेजे थाना क्षेत्र के जुहला बायपास पर शाम को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऐसा कहर बरपाया कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोपाल नगर निवासी 40 वर्षीय हिमांशी पर्यानी अपने पड़ोसी ईश्वरलाल गेई के साथ राधा स्वामी सत्संग से बाइक पर सवार होकर घर लौट रही थीं। जुहला बायपास के पास पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पीछे बैठी हिमांशी पर्यानी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक चला रहे ईश्वरलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
संयोगवश उसी दौरान वहां से गुजर रहे डॉ. माखीजनी ने दोनों को पहचानते हुए तत्काल मदद की और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। प्राथमिक उपचार के बाद ईश्वरलाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही एनकेजे थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है।

Post a Comment